लखनऊ 19 मार्च (आरएनएस )। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गौतमपल्ली पुलिस ने सख्त अभियान चलाते हुए सार्वजनिक मार्गों पर तेज रफ्तार और मॉडिफाइड साइलेंसर के साथ फर्राटा भर रही चार बाइकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस कार्रवाई से न केवल यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों में हड़कंप मच गया, बल्कि आम जनमानस में सुरक्षा का संदेश भी गया है।संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के निर्देश पर चलाए जा रहे संघन चेकिंग अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (मध्य) के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस उपायुक्त (मध्य) और सहायक पुलिस आयुक्त हजरतगंज के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी रत्नेश कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना गौतमपल्ली पुलिस टीम ने क्षेत्र में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया।अभियान के दौरान पुलिस ने ऐसे युवकों को चिन्हित किया, जो मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बाइकों से तेज आवाज और रफ्तार के साथ सार्वजनिक सड़कों पर वाहन दौड़ाकर अन्य वाहन चालकों और राहगीरों में भय का माहौल बना रहे थे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ऐसी चार बाइकों को मौके पर ही सीज कर लिया। सभी वाहनों को थाना परिसर में खड़ा कर दिया गया है और उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।सीज किए गए वाहनों में यूपी-32-एनबी-9122 बुलेट 350, यूपी-32-पीजे-4794 बुलेट 350 सीसी, यूपी-32-क्यूके-6244 बुलेट 350 सीसी और यूपी-32-पीवाई-4761 बुलेट हंटर 350 सीसी शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मॉडिफाइड साइलेंसर और तेज रफ्तार से वाहन चलाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रत्नेश कुमार सिंह के साथ उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक धीरेन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक मंगल सिंह, कांस्टेबल यशवंत मिश्र, महिला कांस्टेबल समा गौतम और महिला कांस्टेबल ऊषा वर्मा शामिल रहीं।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में सुरक्षित और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

