लखनऊ 19 मार्च (आरएनएस )। राजधानी में यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने और सार्वजनिक सड़कों पर तेज रफ्तार से बाइक दौड़ाकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ हजरतगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने 22 फर्राटा रेसर बाइकों को सीज कर सख्त संदेश दिया कि नियमों के उल्लंघन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।पुलिस आयुक्त और संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (मध्य) के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस उपायुक्त (मध्य) और सहायक पुलिस आयुक्त हजरतगंज के मार्गदर्शन में की गई। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह के नेतृत्व में थाना हजरतगंज पुलिस टीम ने क्षेत्र में विशेष यातायात चेकिंग अभियान चलाया।अभियान के दौरान ऐसे मनबढ़ युवकों को चिन्हित किया गया, जो सार्वजनिक मार्गों पर तेज रफ्तार में बाइक चलाकर अन्य वाहन चालकों और राहगीरों के लिए खतरा बन रहे थे। पुलिस ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए 22 बाइकों को सीज कर थाना परिसर में खड़ा कराया। इन सभी वाहनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।सीज किए गए वाहनों में विभिन्न कंपनियों की बाइक्स शामिल हैं, जिनमें आर15, केटीएम, यामाहा, कावासाकी, एवेंजर, हीरो एक्सट्रीम, बुलेट, पल्सर, एक्टिवा और पैशन जैसे वाहन शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि तेज रफ्तार, स्टंट और मॉडिफाइड साइलेंसर जैसी गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा भी हैं।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह के साथ वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह, उपनिरीक्षक मधुकर सिंह, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक आदर्श सिंह, उपनिरीक्षक निशा सिंह तथा सभी चौकी प्रभारी अपनी-अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।हजरतगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

