लखनऊ 19 मार्च (आरएनएस )। राजधानी के आशियाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाले हत्या कांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक के ससुराल पक्ष के छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेम विवाह से नाराज परिवार ने साजिश रचकर दामाद को घर बुलाया और बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी, जबकि पत्नी को बंधक बनाकर कमरे में बंद कर दिया गया।घटना 17 मार्च 2026 की है, जब डायल-112 के माध्यम से सूचना मिलने पर थाना आशियाना पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर एक व्यक्ति का शव फर्श पर पड़ा मिला, जिसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और आसपास खून फैला हुआ था। वहीं कमरे में एक महिला, साक्षी सिंह, हाथ-पैर और मुंह बंधे हालत में मिली, जिसे पुलिस ने मुक्त कराया।पूछताछ में साक्षी सिंह ने बताया कि उसके पिता, माता, चाचा और बहनों ने मिलकर उसके पति विष्णु यादव की लकड़ी के पाये से पीट-पीटकर हत्या कर दी। उसने बताया कि वारदात से पहले उसे बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया गया था ताकि वह विरोध न कर सके।मृतक विष्णु यादव, निवासी पीथापुर थाना सांगीपुर, जनपद प्रतापगढ़, करीब 30 वर्ष का था। पुलिस के अनुसार चार वर्ष पहले विष्णु यादव और साक्षी सिंह ने प्रेम विवाह किया था, जिससे ससुराल पक्ष नाराज रहता था। इसी रंजिश के चलते ससुराल वालों ने योजना बनाकर उसे घर बुलाया और घटना को अंजाम दिया।पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए त्वरित कार्रवाई में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में तीर्थराज सिंह, सरोज देवी, राधा सिंह, रत्ना सिंह, ज्योति सिंह और विधि सिंह शामिल हैं। सभी आरोपी आशियाना के सेक्टर-आई स्थित मकान के निवासी हैं।पुलिस ने घटना स्थल से हत्या में प्रयुक्त खून से सने लकड़ी के पाये, कपड़े, दुपट्टा, चूड़ी के टुकड़े सहित अन्य अहम साक्ष्य भी बरामद किए हैं। साथ ही मृतक के पास से चाभी का गुच्छा, नकदी और एक क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन भी मिला है।थाना आशियाना पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला पारिवारिक रंजिश और तथाकथित ‘ऑनरÓ से जुड़ा प्रतीत होता है, जिसकी गंभीरता से जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

