लखनऊ 19 मार्च (आरएनएस )। नवरात्रि पर्व को देखते हुए शहर की स्वच्छता और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए महापौर द्य ने गुरुवार सुबह नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ विभिन्न जोनों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रमुख चौराहों, मंदिरों, नालों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।निरीक्षण की शुरुआत जोन-1 स्थित बर्लिंग्टन चौराहे से की गई, जहां महापौर ने सफाई व्यवस्था का अवलोकन करते हुए मुख्य मार्गों की नियमित साफ-सफाई, सुबह के समय कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा त्योहारों के दौरान अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।इसके बाद जोन-8 के बारा बिरवा स्थित ज्वाला मंदिर के बाहर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। महापौर ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।इसी क्रम में बंगला बाजार स्थित चन्द्रिका देवी मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया गया। यहां महापौर ने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और श्रद्धालुओं व पुजारियों से सफाई व्यवस्था को लेकर सुझाव भी लिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर में स्वच्छता, पेयजल और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए।निरीक्षण के दौरान भद्रुक क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया गया। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को नालियों की नियमित सफाई और सड़क झाड़ू व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की समस्या उत्पन्न न हो।इसके अलावा त्यागी विहार से गुजर रहे नाले की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। महापौर ने नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि इस नाले की निकासी व्यवस्था और ढलान को दुरुस्त कराने के लिए संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित किया जाए, जिससे जल निकासी सुचारु रूप से हो सके। साथ ही बंगला बाजार चौराहे के पास स्थित सार्वजनिक शौचालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां अतिक्रमण पाए जाने पर उसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य है कि नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बना रहे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि सभी श्रद्धालु स्वच्छ वातावरण में पर्व का आनंद ले सकें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

