लखनऊ, 19 मार्च (आरएनएस ) । उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार अपने नौ वर्षों के कार्यकाल को उपलब्धियों का दौर बता रही है, जबकि हकीकत में यह विध्वंस के नौ वष रहे हैं।प्रेस वार्ता में कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष डॉ. सी.पी. राय, उपाध्यक्ष मनीष हिंदवी, प्रवक्ता डॉ. उमा शंकर पाण्डेय, अंशू अवस्थी, सचिन रावत, आगरा जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामनाथ सिकरवार और किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश डागुर सहित कई नेता मौजूद रहे।अजय राय ने कहा कि हाल ही में लखनऊ में 1519 करोड़ रुपये की लागत से बने ग्रीन कॉरिडोर के उद्घाटन के अगले ही दिन सड़क धंस जाना सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार का बड़ा उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सूदखोरों का जाल फैला हुआ है, जिससे हजारों परिवार बर्बाद हो रहे हैं। फतेहपुर की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक परिवार ने कर्ज के बोझ से तंग आकर आत्महत्या कर ली।उन्होंने कहा कि सरकार अपने कर्मचारियों का भी संरक्षण नहीं कर पा रही है। मोहनलालगंज में रोजगार सेवक की आत्महत्या और बदायूं में एक औद्योगिक इकाई में अधिकारियों की हत्या जैसी घटनाएं इसकी बानगी हैं। कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने गोरखपुर, कानपुर, बरेली और भदोही में हाल के दिनों में हुई गंभीर आपराधिक घटनाओं का उल्लेख किया।काशी के विकास को लेकर सरकार के दावों पर भी सवाल उठाते हुए अजय राय ने कहा कि सांस्कृतिक विरासत को नुकसान पहुंचाया गया है। किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आलू उत्पादक किसान भारी नुकसान झेल रहे हैं, जहां उत्पादन लागत 1200-1500 रुपये प्रति कुंतल है, वहीं बिक्री मात्र 200-300 रुपये प्रति कुंतल हो रही है।शिक्षा व्यवस्था पर हमला बोलते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूलों में बच्चियों से मध्यान्ह भोजन बनवाया जा रहा है और अनाज खराब हो रहा है। इसके साथ ही आगरा के भूमि विकास बैंक पर किसानों के साथ धोखाधड़ी और अत्यधिक वसूली करने के गंभीर आरोप लगाए गए। उन्होंने कई उदाहरण देते हुए बताया कि किस तरह किसानों ने मूलधन से कई गुना अधिक राशि चुकाने के बावजूद भारी बकाया दिखाकर उन्हें परेशान किया जा रहा है।
अजय राय ने कहा कि सैया ब्लॉक के एक किसान द्वारा कर्ज के दबाव में आत्महत्या कर लेने की घटना बेहद दुखद है और यह सरकार की नीतियों की विफलता को दर्शाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के नौ वर्षों में युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा, किसानों को फसल का उचित मूल्य और व्यापारियों को बेहतर वातावरण नहीं मिल पाया।उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब सच्चाई समझ चुकी है और आने वाले समय में इस सरकार को जवाब देगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

