लखनऊ, 19 मार्च (आरएनएस )राजधानी में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना इंदिरानगर पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में कोडीनयुक्त कफ सिरप एवं अन्य स्वापक/मन:प्रभावी औषधियों के अवैध कारोबार में संलिप्त एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के जोन-पूर्वी में उच्चाधिकारियों के निर्देशन में की गई। पुलिस के अनुसार अभियुक्त आरूष सक्सेना को 18 मार्च 2026 को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया। उसे लखनऊ लाकर थाना इंदिरानगर में दाखिल किया गया है, जहां आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।इस प्रकरण में 9 दिसंबर 2025 को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के निरीक्षक विवेक कुमार सिंह की तहरीर पर थाना इंदिरानगर में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि अभियुक्तों द्वारा आपराधिक षड्यंत्र के तहत अवैध आर्थिक लाभ के लिए बड़ी मात्रा में कोडीनयुक्त कफ सिरप और अन्य प्रतिबंधित औषधियों का भंडारण कर उन्हें गैर-चिकित्सकीय उपयोग के लिए बेचा जा रहा था।पुलिस के अनुसार यह नेटवर्क संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था, जो युवाओं में नशे की लत को बढ़ावा दे रहा था। मामले में पूर्व में एक अन्य अभियुक्त प्रीतम सिंह उर्फ मोंटी सरदार को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।गिरफ्तार अभियुक्त आरूष सक्सेना के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई में जुटी हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

