-सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय में छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का हुआ समापन
अयोध्या 19 मार्च (आरएनएस)। आचार्य नरेन्द्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय में चल रहे छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। मोटे अनाजों पर आधारित मूल्य संवर्धित उत्पादों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण विषय पर महिलाओं को जानकारी दी गई। महाविद्यालय की अधिष्ठाता डा. साधना सिंह ने समस्त अतिथियों को बुके भेंटकर स्वागत किया। इस मौके पर कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह ने कहा कि इस प्रकार के कौशल प्रशिक्षण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए बहुत उपयोगी होते हैं। उन्होंने कहा कि शरीर को स्वस्थ एवं बीमारियों से बचाव के लिए सभी को श्रीअन्ऩ का प्रयोग करना चाहिए। सामुदायिक महाविद्यालय में श्रीअन्न से जुड़े उत्पाद बनाने का भी प्रशिक्षण दिया जाता है। अधिष्ठाता डा. साधना सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के पहले दिन मोटे अनाजों से मूल्य संवर्धित उत्पाद तैयार करने, मिलेट, पास्ता बनाने की विधि, पोषण महत्व तथा इसके माध्यम से स्वरोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं एवं किशोरियों को मोटे अनाजों से बने पास्ता, नूडल्स, बेकरी उत्पाद जैसे- बिस्किट, केक, तथा इडली, फरा, प्रिमिक्स आदि व्यंजन बनाना सिखाया गया। महिलाओं को व्यवसाय हेतु सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा विवि परिसर का भ्रमण भी कराया गया। शिवनाथपुर, पिठला,बवा तथा कुमारगंज की कुल 40 महिलाओं एवं किशोरियों ने प्रतिभाग किया। कुलपति ने प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किया। डा. अनीशा वर्मा ने समस्त अतिथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ तृप्ति वर्मा ने किया। इस मौके पर समस्त अधिष्ठाता, निदेशक एवं वैज्ञानिक मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

