अयोध्या 19 मार्च (आरएनएस)। जिला गंगा समिति द्वारा गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में तमसा नदी को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। नदियाँ केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता, संस्कृति और जलीय जीवों के अस्तित्व का आधार हैं, इसी पावन संकल्प के साथ महादेवा घाट और सत्संग घाट पर स्वच्छता पखवाड़ा का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य रूप से सीमा राय अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत गोशाईगंज, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे अयोध्या, नीरज कुमार भारतीय वन्यजीव संस्थान देहरादून, कुलभूषण साहू अध्यक्ष दाना पानी सेवा संस्थान अयोध्या, शिव शंकर वर्मा जल कल प्रभारी, रोहित कार्यालय कर्मचारी आदि लोग उपस्थित रहे।
नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी सीमा राय और जल कल प्रभारी शिव शंकर वर्मा के नेतृत्व में पूरी टीम ने घंटों श्रमदान कर घाटों पर बिखरे कूड़े-कचरे और हानिकारक पॉलिथीन को एकत्रित किया। जिला परियोजना अधिकारी श्वेता साहू ने स्थानीय निवासियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाया। उन्होंने कहा, हमारे छोटे-छोटे प्रयास ही नदियों में रहने वाले मूक जीवों के अस्तित्व को बचा सकते हैं। स्वच्छता को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से नदी तट को प्रदूषण मुक्त रखने और भविष्य में प्लास्टिक का उपयोग न करने की शपथ ली। सीमा राय अधिशासी अधिकारी ने कहा कि नदियाँ हमारी संस्कृति है नदियां जीवन है नदियों का संरक्षण केवल सरकार की ही नहीं बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है, हम सब मिलकर नदियों को स्वच्छ बनाएंगे। अभियान के दौरान जलीय पारिस्थितिकी तंत्र को बचाने के लिए स्थानीय समुदाय को शिक्षित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और नमामि गंगे टीम, जलज परियोजना टीम, दानापानी सेवा संस्थान टीम शीलम, अहम, नगर पंचायत कार्यालय कर्मचारी चौरसिया, अमरेंद्र कुमार, सफाई कर्मचारी अब्दुल, मोहर्रम अली आदि लोगों ने हिस्सा लिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

