सुल्तानपुर 19 मार्च (आरएनएस)। चैत्र नवरात्रि के पहले दिन गुरुवार को लोहरामऊ स्थित दुर्गा देवी धाम और माता मरी धाम पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। भारतीय नववर्ष के साथ शुरू हुए इस पर्व पर मां शैलपुत्री की पूजा के लिए श्रद्धालु सुबह से ही मंदिरों में पहुंचने लगे थे। दुर्गा देवी धाम लोहरामऊ में सुबह पांच बजे से ही भक्त कतारबद्ध होकर दर्शन कर रहे थे। श्रद्धालुओं ने मां भगवती को नारियल, चुनरी और साज-सज्जा का सामान अर्पित किया। इसके साथ ही हलुआ-पूरी का भोग भी लगाया गया। मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली देहात पुलिस तैनात रही। हाईवे किनारे मुख्य द्वार से लेकर मंदिर के गर्भगृह तक चार महिला और पुरुष आरक्षी तैनात किए गए थे। वे भक्तों को कतार में लगकर दर्शन करने और अपने आभूषणों व सामानों को सुरक्षित रखने के निर्देश दे रहे थे। मंदिर में देवी प्रतिमा के सामने श्रद्धालु आरती और हवन करते भी दिखे। मंदिर के पुजारी पंडित राजेंद्र प्रसाद मिश्र ने बताया कि नवरात्रि के दौरान सभी भक्तों को सुगमता से दर्शन कराए जा रहे हैं। लोहरामऊ मंदिर परिसर में भक्त देवी की आराधना के बाद बजरंगबली, राम दरबार, राधा कृष्ण और भगवान शिव के भी दर्शन कर पूजा-अर्चना कर रहे थे। भदैया के गोमती नदी किनारे स्थित शाहपुर हरिवंश गांव में माता मरी माई धाम पर भी सुबह से दोपहर तक भक्तों की भीड़ लगी रही, जहां लोग कतार में लगकर दर्शन करते रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

