दुर्ग, 20 मार्च (आरएनएस)। नशे के खिलाफ लगातार सख्ती बरत रही दुर्ग पुलिस ने एक और त्वरित कार्रवाई करते हुए भिलाई के रिसाली क्षेत्र में गांजा बिक्री कर रहे आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से 3.554 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई है।
थाना नेवई पुलिस को 19 मार्च को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रिसाली सेक्टर स्थित ब्लॉक नंबर 298 एल के सामने एक व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बेचने के लिए रखा हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और गवाहों की मौजूदगी में कार्रवाई की।
मौके पर आरोपी को गांजा के साथ पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान कविराज लीमा (45 वर्ष), निवासी रिसाली सेक्टर, भिलाई के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा की बिक्री कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ड्ढ) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना नेवई के निरीक्षक अनिल कुमार साहू, उपनिरीक्षक सुरेंद्र तारम सहित पुलिस टीम और एसीसीयू भिलाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
0

