धर्मपाल कॉम्प्लेक्स बना अव्यवस्था का पोस्टर बॉय
सुल्तानपुर 20 मार्च (आरएनएस )। स्वशासी मेडिकल कॉलेज के 100 मीटर के दायरे में अगर आप समय पर पहुँच गए तो समझिए आपने आधी जंग जीत ली। क्योंकि बाकी आधी जंग तो बेतरतीब खड़े वाहनों के बीच रास्ता खोजने में ही निकल जाती है। दोनों दिशाओं में वाहनों का ऐसा स्वागत द्वार बना है कि एम्बुलेंस भी जाम में फँसकर अपनी सायरन की लाचारी बयां करती नजर आती है।
उधर मुख्य मार्ग पर धर्मपाल कॉम्प्लेक्स के बाहर का नजारा किसी स्थायी ट्रैफिक मेले से कम नहीं। सड़क मानो पार्किंग में तब्दील हो चुकी है, और पार्किंग खैर, वह तो खुद ही लापता है। कागजों में धर्मपाल कॉम्प्लेक्स की बेसमेंट पार्किंग मौजूद है, लेकिन हकीकत में वहां दुकानों ने ऐसा कब्जा जमाया है कि गाडिय़ाँ नहीं, सिर्फ कारोबार खड़ा दिखता है। यानी पार्किंग के नाम पर दुकानदारी नक्शे में कुछ और, जमीन पर कुछ और। नियम शायद सिर्फ फाइलों में ही जाम होकर रह गए हैं। और बात यहीं खत्म नहीं होती। यह कॉम्प्लेक्स अब अवैध पैथोलॉजी और गैर-डिग्रीधारकों की शरणस्थली के रूप में भी मशहूर हो चुका है। इलाज के नाम पर यहां किस्मत का खेल Óयादा और विज्ञान कम नजर आता है। सब कुछ खुली आंखों के सामने हो रहा है। जाम भी, अतिक्रमण भी और नियमों की खुलेआम अनदेखी भी। सवाल बस इतना है कि जिम्मेदारों की नजर कब खुलेगी या फिर वे भी इसी जाम का हिस्सा बन चुके हैं?
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

