किराये के कमरे में रहता था, दो दिन पहले आखिरी बार देखा गया
प्रयागराज 20 मार्च (आरएनएस)। कैंट थाना क्षेत्र के राजापुर गंगानगर में पुलिस कमिश्नर के एस्कॉर्ट में तैनात 29 साल के कमांडो कृपाल सिंह का शव शुक्रवार को कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। वह ओमप्रकाश पटेल के मकान में किराए पर रहते थे। उनका कमरा थर्ड फ्लोर पर था। सुबह मकान मालिक ने खिड़की से झांककर देखा तो घटना की जानकारी हुई। मौके पर प्रयागराज में ही सिपाही के पद पर तैनात भाई ओमवीर सिंह भी पहुंचा। फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि दरवाजा भीतर से बंद था और मामला सुसाइड का है।
मकान मालिक ओमप्रकाश पटेल ने बताया कि कृपाल सिंह के कमरे का दरवाजा भीतर से बंद था। दरवाजे पर मक्खियां भिनभिना रहीं थीं। मैंने कई बार आवाज दी, लेकिन जवाब नहीं मिला। मैंने खिड़की से भीतर झांक कर देखा तो वह फंदे पर लटके हुए थे। जानकारी दी गई तो पहले डायल 112 और फिर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई। दरवाजा तोड़ा गया तो कृपाल का शव फंदे पर लटक रहा था। नायलान की रस्सी से फंदा पंखे में फंसाया गया था।
जानकारी दी गई तो उसका भाई ओमवीर भी आ गया, जो जार्जटाउन थाने में तैनात है। फोरेंसिक टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट के नमूने लिए और इसके बाद शव को मर्चरी भेजवाया गया।
कृपाल मूल रूप से फिरोजाबाद के खैरगढ़ थाना के निकाऊ गांव के रहने वाले थे। वह 2019 में सिपाही के पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुए। उनकी पहली पोस्टिंग प्रयागराज में ही थी। मौजूदा समय में वह पुलिस कमिश्नर जोगेंदर कुमार के एस्कॉर्ट में बतौर कमांडो तैनात थे। तीन साल पहले उनकी शादी हुई थी। परिवार में पत्नी मधुबाला व दोसाल का एक बेटा और एक साल की बेटी है। पत्नी दोनों बच्चों के साथ मायके में रह रही है।
कैंट के प्रभारी निरीक्षक अमरनाथ राय ने बताया कि मौके पर पहुंचे भाई ने बताया कि घरेलू कारणों को लेकर कुछ परेशानी थी। हालांकि वह ज्यादा कुछ बता नहीं पाया। शव दो दिन पुराना लग रहा है। परिवारवालों के आने के बाद ही पता चल सकेगा कि घटना की वजह क्या है। उधर एसीपी सिविल लाइंस विद्युत गोयल ने बताया, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। दरवाजा भीतर से बंद था। परिवारवालों को सूचना दे दी गई है।

