0 नवगुरुकुल जशपुर युवाओं के सपनों को दे रहा नई दिशा
जशपुरनगर, 21 मार्च (आरएनएस)। जिला मुख्यालय में 15 अप्रैल 2023 को प्रारंभ हुआ नवगुरुकुल संस्थान आज युवाओं, विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए आशा और अवसर का केंद्र बनकर उभर रहा है। संस्थान का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं को बिना किसी आर्थिक बोझ के आधुनिक तकनीकी शिक्षा प्रदान कर उन्हें रोजगारोन्मुख बनाना है। जशपुर जैसे अंचल में लंबे समय से गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा और संसाधनों की कमी रही है, जिसके कारण प्रतिभाशाली युवा उचित मार्गदर्शन के अभाव में पीछे रह जाते थे। नवगुरुकुल इस कमी को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है। जशपुर स्थित नवगुरुकुल कैंपस विशेष रूप से बालिकाओं के लिए संचालित है, जहां उन्हें सुरक्षित वातावरण में समान अवसरों के साथ सीखने की सुविधा प्रदान की जाती है। संस्थान का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन का भागीदार बनाना भी है। वर्तमान में यहां दो प्रमुख पाठ्यक्रम संचालित हैं— “स्कूल ऑफ प्रोग्रामिंग” और “स्कूल ऑफ बिजनेस”। स्कूल ऑफ प्रोग्रामिंग की अवधि लगभग दो वर्ष है, जिसमें विद्यार्थियों को प्रोग्रामिंग, वेब डेवलपमेंट सहित विभिन्न तकनीकी कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाता है। वहीं, स्कूल ऑफ बिजनेस एक वर्षीय पाठ्यक्रम है, जिसमें संचार, टीमवर्क और व्यवसायिक दक्षताओं का विकास कराया जाता है। नवगुरुकुल में शिक्षा का स्वरूप व्यावहारिक और नवाचार आधारित है। यहां “करके सीखना” पद्धति को अपनाया गया है, जिसके अंतर्गत विद्यार्थी वास्तविक परियोजनाओं पर कार्य करते हुए अनुभव प्राप्त करते हैं। सहपाठी शिक्षण, समूह आधारित समस्या समाधान और परियोजना आधारित अध्ययन को विशेष महत्व दिया जाता है, जिससे विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता के साथ-साथ नेतृत्व, सहयोग और संवाद कौशल का भी विकास होता है। संस्थान में “एटीक्रेसी” प्रणाली लागू है, जिसके तहत छात्र स्वयं विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते हैं, जैसे अकादमिक और अनुशासन समन्वयक, जिससे उनमें नेतृत्व क्षमता और उत्तरदायित्व की भावना विकसित होती है। कैंपस में छात्रों के लिए लैपटॉप, हॉस्टल, नि:शुल्क वाई-फाई तथा अनुकूल शिक्षण वातावरण जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। नवगुरुकुल का पारिवारिक वातावरण विद्यार्थियों को आपसी सहयोग और अनुशासन के साथ आगे बढऩे के लिए प्रेरित करता है।
उल्लेखनीय है कि नवगुरुकुल जशपुर से अब तक 90 से अधिक छात्रों का विभिन्न शहरों और कंपनियों में प्लेसमेंट हो चुका है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि संस्थान न केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

