रायपुर 21 मार्च (आरएनएस)राजधानी में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच गुढ़ियारी पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। कलिंग नगर स्थित सीएसईबी मैदान के पास दो युवकों को उस वक्त रंगे हाथ पकड़ा गया, जब वे खिलौने के बॉक्स में छिपाकर प्रतिबंधित नशीली गोलियां बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने मौके से 676 नग निट्राजपैम टेबलेट, एक बटनदार चाकू और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति दोपहिया वाहन पर सवार होकर इलाके में नशीली दवाओं की सप्लाई के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गुढ़ियारी थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और संदिग्धों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सिद्धू बाघ (30) और रोहित कुमार (25) निवासी रायपुर के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान उनके पास से 676 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट निट्राजपैम बरामद हुई, जिसे उन्होंने बेहद चालाकी से खिलौने के बॉक्स में छिपाकर रखा था, ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। इसके अलावा एक बटनदार चाकू, तीन मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 17 हजार रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह नशीली टेबलेट उड़ीसा से लाते थे और रायपुर में सप्लाई करते थे। हालांकि, वैध दस्तावेज मांगने पर वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करते रहे। कड़ाई से पूछताछ के बाद पूरा नेटवर्क उजागर हुआ।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 22बी और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

