मथुरा ,21 मार्च (आरएनएस)। मथुरा के छाता में बाबा चंद्रशेखर की मौत के बाद भड़की भीड़ ने दिल्ली हाईवे जाम कर पथराव किया, जिससे दहशत का माहौल बन गया। पुलिस के प्रयासों के बावजूद स्थिति बार-बार बिगड़ती रही और इलाके में तनावपूर्ण हालात बने हुए हैं।
मथुरा बवाल पर आगरा रेंज डीआईजी शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि गौरक्षक की मौत सड़क हादसे में हुई है। किसी भी प्रकार का गोवंश शामिल नहीं था। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और मामले में कुछ लोगों की गिरफ्तारी भी की गई है। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, वहीं पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।
मथुरा में ईद पर सुबह-सुबह जिस तरह दिल्ली हाईवे पर जाम लगाकर पथराव किया गया और दहशत फैलाई गई, उसे लेकर सीएम योगी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी के आदेश के बाद पुलिस अलर्ट हो गई है। पथराव और हंगामा करने वालों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने घर-घर दबिश देना शुरू कर दिया है। उधर, दिल्ली हाईवे पर बवाल के बाद जो बाइकें छूट गईं, उनकों भी जब्त कर थाने ले जाया जा रहा है।
00

