राजनांदगांव, 21 मार्च (आरएनएस)। नवरात्रि जैसे संवेदनशील पर्व के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करने वाले एक बदमाश पर चिखली पुलिस ने तुरंत शिकंजा कस दिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से संभावित बड़ी घटना टल गई और इलाके में शांति व्यवस्था बनी रही।
मामला शांतिनगर शिव मंदिर के पास का है, जहां आकाश पटवा नामक युवक ने विवाद कर माहौल बिगाडऩे की कोशिश की। नवरात्रि के दौरान चल रहे धार्मिक आयोजनों के बीच इस तरह की हरकत से अप्रिय घटना की आशंका बढ़ गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देर किए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत चिखली पुलिस पहले से ही अलर्ट थी। जैसे ही घटना की जानकारी मिली, टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 170 सहित अन्य प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस की तत्परता से न केवल स्थिति नियंत्रण में आई, बल्कि त्योहार के दौरान शांति बनाए रखने का संदेश भी साफ तौर पर गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक कैलाश चन्द्र मरई सहित पूरी टीम की भूमिका सराहनीय रही, जिन्होंने समय रहते हस्तक्षेप कर संभावित अशांति को टाल दिया।
यह घटना स्पष्ट संकेत देती है कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और शांति भंग करने की हर कोशिश का सख्ती से जवाब दिया जाएगा।
0

