राजनांदगांव, 21 मार्च (आरएनएस)। जिले में अवैध धर्मांतरण के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से चल रही गतिविधियों पर नकेल कसते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसके पास से कई अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सबूत बरामद हुए हैं।
मामले की शुरुआत 8 जनवरी 2026 को मिली एक शिकायत से हुई, जिसके बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि ग्राम धर्मपुर निवासी डेविड चाको अपने घर पर प्रार्थना सभाओं के नाम पर लोगों को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा था। इतना ही नहीं, बिना वैधानिक अनुमति के आश्रम संचालित करने और नाबालिग बच्चों को अपने पास रखने जैसी गतिविधियों की भी जानकारी सामने आई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में ही कई चौंकाने वाले साक्ष्य मिले। आरोपी के पास से लैपटॉप, सोलर प्रोजेक्टर, धार्मिक प्रचार सामग्री और भविष्य की रणनीति से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि यह एक सुनियोजित और संगठित गतिविधि थी। आगे की विवेचना में चर्च से जुड़े रजिस्टर, सदस्यता सूची, आवेदन पत्र, प्रशिक्षण दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए।
जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क के पीछे संभावित विदेशी फंडिंग की कडिय़ों को भी खंगाल रही हैं। आरोपी के बैंक खातों की जांच कर लेन-देन का ब्योरा जुटाया जा रहा है, जिससे पूरे नेटवर्क की परतें खुलने की उम्मीद है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धाराओं सहित भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 के तहत मामला दर्ज कर उसे 21 मार्च को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की गई है, जबकि इस मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है
0

