कसडोल, 21 मार्च (आरएनएस)। रात की खामोशी को तेज आवाज में डीजे से तोडऩा एक संचालक को महंगा पड़ गया। निर्धारित समय सीमा के बाद बाजार चौक में तेज ध्वनि में डीजे बजाने पर कसडोल पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए वाहन समेत पूरा साउंड सिस्टम जब्त कर लिया।
घटना 20 मार्च की रात की है, जब ग्राम हटौद के बाजार चौक से तेज आवाज में डीजे बजने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना कसडोल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पाया कि एक मालवाहक वाहन में तय सीमा से अधिक ध्वनि में डीजे साउंड सिस्टम बजाया जा रहा था, जिससे आसपास के लोगों को भारी परेशानी हो रही थी।
पुलिस ने मौके पर ही डीजे संचालक दिनेश राव (25 वर्ष), निवासी ग्राम दर्रा को घेरकर कार्रवाई की। जांच में पाया गया कि संचालक द्वारा न केवल निर्धारित समय सीमा का उल्लंघन किया गया था, बल्कि ध्वनि की तीव्रता भी नियमों से कहीं अधिक थी। इसके बाद पुलिस ने कोलाहल अधिनियम की धारा 15(1) के साथ मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन क्रमांक ष्टत्र13 रु0644 सहित पूरा डीजे साउंड सिस्टम जब्त कर लिया।
यह कार्रवाई उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के पालन में की गई है, जिसमें ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित करने और आम नागरिकों को राहत देने पर जोर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
यह घटना साफ संदेश देती है कि उत्सव और आयोजन अपनी जगह हैं, लेकिन कानून से ऊपर कुछ भी नहीं। नियमों का पालन ही समाज में संतुलन और शांति बनाए रखने का सबसे बड़ा आधार है।
0

