विकासनगर,21 मार्च (आरएनएस)। चैत्र नवरात्र के तीसरे दिन क्षेत्र भर में मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना श्रद्धा और उत्साह के साथ की गई। मंदिरों और घरों में दिनभर पूजा, हवन और भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। पछुवादून के विकासनगर में अस्पताल रोड स्थित काली माता मंदिर, कालसी स्थित कालिका मंदिर, विकासनगर स्थित दुर्गा मंदिर के साथ ही सेलाकुइई स्थित खाटू श्याम मंदिर, शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर मां चंद्रघंटा का विधि-विधान से पूजन करते नजर आए। कई मंदिरों में विशेष हवन और कीर्तन का आयोजन किया गया, जहां भक्तों ने जयकारों के साथ मां की आराधना की। विकासनगर, सेलाकुई, हरबर्टपुर में घरों में भी महिलाओं और कीर्तन मंडलियों द्वारा भजन-कीर्तन आयोजित किए गए। ढोलक और मंजीरे की धुन पर गूंजते भजनों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिरस में रंग दिया। श्रद्धालुओं ने मां से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

