रौनक कुमार शंकर
पश्चिम मेदिनीपुर,21 मार्च (आरएनएस)। आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। जिले भर में अवैध गतिविधियों और गैरकानूनी लेनदेन पर रोक लगाने के उद्देश्य से कुल 48 नाका चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त चार पुलिस पर्यवेक्षकों ने इन नाका चेकिंग प्वाइंट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान आईपीएस अधिकारी प्रताप भूपेंद्र यादव ने सबंग, पिंगला और खडग़पुर ग्रामीण थाना क्षेत्र के विभिन्न चेकिंग प्वाइंट्स का दौरा किया। दोपहर के समय वे पिंगला के दुजिपुर नाका चेकिंग प्वाइंट पहुंचे, जहां उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने देबाशीष रॉय (एसडीपीओ, डेबरा) और चिन्मय प्रामाणिक (ओसी, पिंगला) समेत अन्य पुलिस अधिकारियों से बातचीत की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, पश्चिम मिदनापुर की पुलिस अधीक्षक पापीया सुल्ताना ने कहा कि, “चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना हमारी प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। रूट मार्च के साथ-साथ अंतरराज्यीय, अंतरजिला और जिला-स्तरीय 48 नाका चेकिंग प्वाइंट्स पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि और तस्करी को रोका जा सके।”कुल मिलाकर, पश्चिम मेदिनीपुर में चुनाव से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

