रायपुर, 22 मार्च (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के पासपोर्ट आवेदकों के लिए राहत भरी खबर है। पंडरी स्थित श्याम प्लाजा में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र को अब स्थायी रूप से बंद किया जा रहा है। इसकी जगह 6 अप्रैल से तेलीबांधा इलाके में नए और आधुनिक कार्यालय से सेवाएं दी जाएंगी।
जानकारी के मुताबिक, पासपोर्ट विभाग ने बढ़ती भीड़ और सीमित जगह की समस्या को देखते हुए केंद्र को शिफ्ट करने का निर्णय लिया है। अब नया पासपोर्ट सेवा केंद्र तेलीबांधा मेन रोड स्थित वन हाई स्ट्रीट बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर संचालित होगा।
नए कार्यालय में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिसमें बेहतर बैठने की व्यवस्था, पर्याप्त पार्किंग और सुगम प्रक्रिया शामिल है। विभाग का कहना है कि इससे पासपोर्ट से जुड़ी सेवाएं और तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनेंगी।इस बदलाव का फायदा केवल रायपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के शहरों जैसे भिलाई, बिलासपुर और महासमुंद से आने वाले आवेदकों को भी मिलेगा, क्योंकि तेलीबांधा की कनेक्टिविटी ज्यादा बेहतर मानी जाती है।
000

