कोंडागांव, 22 मार्च (आरएनएस)। विश्व जल दिवस के अवसर पर विकासखंड केशकाल के ग्राम साल्हेभाट में आयोजित जल अर्पण कार्यक्रम के दौरान ‘सुजल संवादÓ के पांचवें संस्करण में ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय जलशक्ति मंत्री वी. सोमन्न एवं मंत्रालय के अन्य अधिकारियों ने ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान सरपंच, नल-जल मित्रों तथा ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्यों से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने जल जीवन मिशन के तहत ग्राम में मिल रहे लाभों, योजना के संचालन एवं संधारण, यूजर चार्ज संग्रहण की स्थिति तथा जल गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जल बहिनियों द्वारा फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से किए जा रहे परीक्षण की जानकारी प्राप्त की। संवाद के दौरान अधिकारियों ने ग्राम स्तर पर समुदाय की सहभागिता, जल स्रोतों के संरक्षण एवं योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। वहीं कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना से जिले में जल जीवन मिशन की प्रगति तथा आगामी कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई। कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र एवं राज्य स्तर के अधिकारियों द्वारा जमीनी स्तर पर योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए स्थानीय प्रतिनिधियों से सीधा फीडबैक प्राप्त किया गया, जिससे योजना को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए।
०

