बिलासपुर, 22 मार्च (आरएनएस)। बिलासपुर के कोटा इलाके में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। 52 वर्षीय मोहन पांडे की लाठी-डंडों और मुक्कों से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए मुख्य आरोपी को दबोच लिया है, जबकि बाकी हमलावरों की तलाश में टीमें ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। कोटा थाना क्षेत्र के करगी खुर्द से जुड़ा यह मामला इलाके में सनसनी फैला गया है। मृतक मोहन पांडे, जो वर्तमान में गनियारी भादम में रह रहे थे, पर आरोपी राजाराम साहू और उसके साथियों ने मिलकर अचानक हमला कर दिया। लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से की गई इस बेरहमी भरी मारपीट में मोहन पांडे ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोटा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी 21 वर्षीय राजाराम साहू को हिरासत में ले लिया। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है। इस हिंसक हमले में शरद कौशिक नाम का एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत पर पुलिस लगातार नजर बनाए हुए है। मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि केस को तकनीकी रूप से मजबूत बनाया जा सके और आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत पेश किए जा सकें। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक एक ही इलाके के रहने वाले हैं और किसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि उसने जानलेवा रूप ले लिया। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कडिय़ां जोडऩे में जुटी है और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है।
०

