भानुप्रतापपुर, 22 मार्च (आरएनएस)। भानुप्रतापपुर में ‘एडवांस देंगे का झांसा देकर लाखों की मशीन पार करने वाले दो शातिर आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पांच घंटे तक इंतजार करवाकर गायब हुए आरोपियों ने सोचा था मामला ठंडा पड़ जाएगा, लेकिन पुलिस की ट्रैकिंग ने उनकी चालाकी पर ब्रेक लगा दिया। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र में फर्जी खरीदार बनकर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रार्थी पूनम बघेल, जो लखनपुरी में इन्वेंट स्स्नङ्ग का संचालन करते हैं, को 26 फरवरी 2026 को फोम मशीन का ऑर्डर मिला। ऑर्डर मिलने के बाद उन्होंने अपने कर्मचारियों के जरिए मशीन को बोलेरो वाहन से भानुप्रतापपुर भेजा। दोपहर करीब 1:30 बजे पोस्ट ऑफिस के सामने दो युवक छोटा हाथी वाहन लेकर पहुंचे और खुद को खरीदार बताकर मशीन अपने वाहन में लोड करवा ली। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि वे एडवांस राशि देने जा रहे हैं और उन्हें रेस्ट हाउस के पास रुकने को कहा। लेकिन समय बीतता गया और दोनों युवक लौटकर नहीं आए। करीब पांच घंटे तक इंतजार के बाद साफ हो गया कि यह एक सुनियोजित ठगी है। घटना के बाद 12 मार्च को थाना भानुप्रतापपुर में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक राखेचा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से आरोपियों का सुराग निकाला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दल्ली राजहरा क्षेत्र से दो आरोपियों—18 वर्षीय देवेंद्र श्रीवास और 20 वर्षीय ताराचंद देश लहरे—को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल कर ली। उनके कब्जे से ठगी गई फोम मशीन भी बरामद कर ली गई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहले से पूरी योजना बनाई थी। फर्जी ऑर्डर देकर सामान मंगवाया, फिर मौके पर भरोसा जीतकर माल लेकर फरार हो गए। लेकिन पुलिस की सख्ती और त्वरित कार्रवाई ने उनकी योजना को ज्यादा दिन चलने नहीं दिया।
०

