रायपुर 22 मार्च (आरएनएस) रायपुर में चोरी के माल की काली बाजार पर बड़ा वार हुआ है। नॉर्थ जोन पुलिस ने एक साथ कई कबाड़ी यार्डों पर छापेमारी कर करीब 10 लाख रुपये से ज्यादा का संदिग्ध लोहा और वाहन बरामद किए हैं। कार्रवाई में 6 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, जिससे शहर में चोरी के नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के संकेत मिल रहे हैं।
रायपुर पुलिस ने रविवार को नॉर्थ जोन में सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए कबाड़ी और यार्ड संचालकों पर कड़ी कार्रवाई की। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) मयंक गुर्जर के निर्देशन में यह ऑपरेशन खमतराई और उरला थाना क्षेत्रों में एक साथ चलाया गया। टीम ने अलग-अलग ठिकानों पर रेड डालकर अवैध रूप से रखे गए लोहे के कबाड़ और वाहनों को जब्त किया।
खमतराई क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई सबसे बड़ी रही। यहां रूपेश सिंह, राजू सिंह और उमाशंकर गुप्ता के यार्ड में दबिश दी गई। मौके से एक टाटा डीआई वाहन, पुराना ट्रैक्टर और टैंकर सहित बड़ी मात्रा में स्पंज आयरन, लोहे के पाइप, तार और स्क्रैप बरामद किया गया। जब्त सामग्री की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
उधर उरला इलाके में भी पुलिस ने लगातार छापेमारी की। बीरगांव के गाजी नगर में तारकेश्वर सिंह उर्फ तारू की दुकान से खिड़की की ग्रिल और साइकिलें जब्त की गईं। मेटल पार्क में रमन शाह के यहां से करीब एक हजार किलो लोहे का कबाड़ मिला, जबकि सरोरा में संतोष साव के यार्ड से पाइप और स्क्रैप बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों के पास से बरामद सामान संदिग्ध है और चोरी से जुड़े होने की आशंका है। इसी आधार पर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बीएनएसएस की धारा 106 और अन्य प्रावधानों के तहत केस दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने साफ किया है कि चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त रोकने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। सभी कबाड़ी संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि वे बिना वैध दस्तावेज के कोई भी सामान न खरीदें, अन्यथा सीधे कानूनी कार्रवाई होगी।

