उत्तरकाशी,23 मार्च (आरएनएस)। चिन्यालीसौड़ विकासखंड के ग्राम पंचायत बगोड़ी में सोमवार को ग्राम प्रधान देवराज बिष्ट की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में सामाजिक सुधार एवं ग्राम विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। इस मौके पर बगोड़ी को शराब मुक्त गांव बनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।बैठक में ग्रामवासियों, महिला मंगल दल एवं युवा मंगल दल ने एकजुट होकर नशामुक्त समाज की दिशा में सशक्त कदम बढ़ाते हुए शराबबंदी के प्रस्ताव का पूर्ण समर्थन किया। ग्राम प्रधान देवराज बिष्ट ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है बल्कि समाज की नैतिक एवं सामाजिक संरचना को भी कमजोर करता है। ग्रामीण क्षेत्र में युवा पीढ़ी को इससे दूर रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कहा कि यह निर्णय ग्रामवासियों की सर्वसम्मति एवं जनभावनाओं के अनुरूप लिया गया है। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में आर्थिक दंड लगाया जाएगा।इस अवसर पर तहसील प्रशासन से राजस्व उप निरीक्षक, विकास खण्ड कार्यालय से ग्राम विकास अधिकारी, पुलिस विभाग से हेड कांस्टेबल व क्षेत्र पंचायत सदस्य संगीता देवी उपस्थित रहे।

