ऋषिकेश,23 मार्च (आरएनएस)। श्रीदेव सुमन विवि परिसर ऋषिकेश का सात दिवसीय एनएसएस शिविर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हुआ। शिविर में 150 छात्र छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। पहले दिन वक्ताओं ने स्वयं सेवियों को एनएसएस की महत्ता की जानकारी दी।सोमवार को पीएमश्री राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज आईडीपीएल में श्रीदेव सुमन विवि परिसर ऋषिकेश के सात दिवसीय एनएसएस शिविर का शुभारंभ कुलपति प्रो. एनके जोशी व परिसर निदेशक प्रो. महावीर सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया।कुलपति प्रो. एनके जोशी ने युवाओं की सामाजिक भागीदारी, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर बल दिया। कहा कि एनएसएस केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के व्यक्तिगत विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व क्षमता के निर्माण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवाओं से समाज सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहने का आह्वान किया। परिसर निदेशक प्रो. एमएस रावत ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए एनएसएस शिविर का आयोजन किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य स्वयंसेवियों में सामाजिक और नागरिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अशोक कुमार मैंदोला ने कहा कि शिविर में 150 स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्देश्य विकसित भारत 2047 है। सात दिवसीय शिविर के दौरान विकसित भारत 2047 के अंतर्गत रिसोर्स पर्सन के उद्देश्य से संबंधित व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे, जन जागरूकता, स्वच्छता अभियान, एड्स जागरूकता कार्यक्रम, सरकारी योजनाओं की जानकारी, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान, एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान, डिजिटल इंडिया अभियान, कैशलेस इंडिया, पौधरोपण आदि विषयों पर लोगों को जागरूक किया जाएगा। इस दौरान शुभारंभ अवसर पर छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी। मौके पर एनएसएस के कोऑर्डिनेटर प्रो गौरव, विज्ञान संकाय अध्यक्ष प्रो एसपी सती, कला संकाय अध्यक्ष प्रो पीके सिंह, डॉ. सीमा बेनीवाल, डॉ. अलका आदि उपस्थित रहे।

