ऋषिकेश,23 मार्च (आरएनएस)। चारधाम ट्रांजिट एवं पंजीकरण केंद्र में तैनात 25 कर्मचारियों को समय से भुगतान नहीं किया जा रहा है। शिकायत करने पर संबंधित आउटसोर्स एजेंसी संचालक उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दे रहा है। पीडि़त कर्मचारियों ने इसकी शिकायत सहायक श्रमायुक्त से की है, जिसपर उन्हें शीघ्र प्रभावी कार्रवाई का भरोसा मिला है। सोमवार को परेशान कर्मचारी शैल विहार स्थित सहायक श्रमायुक्त कार्यालय पहुंचे। उन्होंने शिकायती पत्र सहायक श्रमायुक्त शैलेष सती को सौंपा। बताया कि वह केंद्र में सुरक्षा, सफाई, पलम्बर, माली और इलेक्ट्रिशियन के तौर पर तैनात हैं। पूर्व में उन्हें महीने में छुट्टियां नहीं दी जा रही थी। शिकायत के बाद आउटसोर्स एजेंसी संचालक ने चार छुट्टियां तो दी, मगर न तो समय पर वेतन का भुगतान हो रहा है और न ही पीएफ का लाभ दिया जा रहा है। बताया कि दो से लेकर चार-चार महीने तक वेतन का भुगतान नहीं हो पाया है, जिससे न सिर्फ खुद, बल्कि परिवार को भरण-पोषण भी मुश्किल हो गया है।सहायक श्रमायुक्त ने बताया कि एजेंसी संचालक को नोटिस जारी कर पीएफ को लेकर जवाब-तलब किया जा रहा है। कर्मचारियों को वेतन भी अतिशीघ्र भुगतान करने के निर्देश संचालक को दिए गए हैं। नोटिस में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संचालक के लिए नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी।

