ऋषिकेश,23 मार्च (आरएनएस)। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और फूड स्टॉल संचालक मुश्किल में हैं। उन्हें ऊर्जा के अन्य स्रोतों का रुख करना पड़ रहा है। इससे न सिर्फ संचालकों को अधिक जेब ढीली करनी पड़ रही है, बल्कि खाद्य पदार्थ तैयार करने में भी लंबा समय लग रहा है। उन्हें अब आर्थिक संकट की चपेट में आने का डर सता रहा है। सोमवार को नगर क्षेत्र की गैस एजेंसियों के गोदाम में कॉर्मिशयल गैस सिलेंडर का स्टॉक गायब रहा। दूनमार्ग पर त्रिवेणी एजेंसी के संचालक के नीरज सेमवाल ने बताया कि कॉमर्शियल सिलेंडर हैं ही नहीं। सिर्फ मेडिकल संस्थान और छात्रवास को कंपनी से अनुमति मिलन के बाद सिलेंडर डिलीवर किए जा रहे हैं। वहीं, यात्रा बस अड्डा मार्ग पर रेस्टोरेंट चलाने वाले राजेंद्र भंडारी ने बताया कि तीन दिनों से गैस नहीं है। रेस्टोरेंट किराये पर है, तो इसके लिए रकम जुटानी है, खुद और कर्मचारियों का वेतन भी निकालना है।फिलहाल इंडक्शन और लकड़ी की भट्टी पर भोजन बनाया जा रहा है, जिसमें लागत काफी अधिक आ रही है। रायवाला में भी होटल संचालक भारत भूषण इसी तरह से भोजन तैयार कर रहे हैं। पूर्ति निरीक्षक शिवमोहन भट्ट के मुताबिक एजेंसियों ने कंपनियों को ऑर्डर दिया है। आपूर्ति होने के बाद ही रेस्टोरेंट आदि में सरकार की ओर से निर्धारित नियम के तहत ही डिलीवरी की जाएगी।पहले 200, अब एक दिन में 1,000 बुकिंगत्रिवेणी गैस एजेंसी संचालक नीरज सेमवाल की मानें, तो सामान्य दिनों में उपभोक्ता एक दिन में औसतन 200 सिलेंडर की बुकिंग करते थे, लेकिन मध्य पूर्व में जंग के बाद से मांग तेजी से बढ़ी है। स्थिति यह है कि अब एक दिन में एक हजार तक सिलेंडर बुक हो रहे हैं। हालांकि, 25 दिन बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी की सुविधा मिल रही है। वहीं, शहर व आसपास गांव में संचालित अन्य नौ एजेंसियों में भी इसी तरह के हालात बने हुए हैं, जिसके चलते ही उनका बैकलॉग भी बढ़ रहा है।सात-सात नहीं आ रहा सिलेंडर-घरेलू गैस उपभोक्ताओं की मुसीबत भी कम नहीं हो रही है। उनकी ऑनलाइन और ऑफलाइन बुकिंग, तो एजेंसी कार्यालयों में हो जा रही है, मगर गैस सिलेंडर सात-सात दिन तक घर नहीं पहुंच रहा है। बुकिंग के साथ पूछताछ के लिए भी एजेंसियों के कार्यालयों में स्थानीय लोगों की सुबह से शाम तक भीड़ जुट रही है। रायवाला में गैस एजेंसी संचालक कमल नेगी ने बताया कि उपलब्धता के अनुसार घरेलू गैस की डिलीवरी की जा रही है। वहीं, मालूम हो कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में 98 हजार से ज्यादा घरेलू गैस उपभोक्ता हैं।

