ऋषिकेश,23 मार्च (आरएनएस)। तीर्थनगरी ऋषिकेश में चैत्र नवरात्र धूमधाम से मनाई जा रही है। नवरात्र के पांचवें दिन देवी मंदिरों में आस्थावानों की भीड़ उमड़ी। मां के स्कंद माता स्वरूप की पूजा कर श्रद्धालुओं ने संतान और सुख शांति की मन्नतें मांगी। देवी मंदिर मां के जयकारे गूंजते रहे। सोमवार को चैत्र नवरात्र में पांचवे दिन भक्तों ने मां के दर्शन कर केले और केले से बने हलवे का भोग लगाया। मां स्कंद माता के स्वरूप की पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया। मां के दर्शन के लिए तड़के से ही मंदिरों में भक्तों की कतारें लगी रहीं। ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर चौक स्थित दुर्गा मंदिर, त्रिवेणी घाट स्थित दुर्गा मंदिर, शीशमझाड़ी स्थित कात्यायनी मंदिर, दून रोड स्थित श्री दुर्गा मंदिर, दून मार्ग स्थित मनीच्छा देवी मंदिर, नरेंद्रनगर मार्ग स्थित भद्रकाली मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन व पूजा अर्चना की। शाम के समय देवी मंदिरों में शंख घडियाल के ध्वनि के साथ संगीतमयी आरती हुई।राजीव लोचन आश्रम के महंत हयग्रीवाचार्य महाराज ने कहा कि नवरात्र के पांचवें दिन स्कंद माता की पूजा होती है। स्कंद माता सिंह पर विराजमान और चार भुजाओं वाली पद्मासन देवी ममता और ज्ञान का प्रतीक हैं, जो भक्तों को सुख, शांति और संतान सुख प्रदान करती हैं।उधर, विभिन्न देवी मंदिरों में दिन और शाम के समय भजन कीर्तन हुए। जिनमें स्थानीय महिलाओं ने माता के भजनों की ढोलक सहित अन्य वाद्य यंत्रों के साथ प्रस्तुतियां दी। जिससे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना रहा।

