– नाटक और पोस्टर के जरिए नेत्र रोग से बचाव को किया जागरूक
ऋषिकेश,23 मार्च (आरएनएस)। हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में विश्व ऑप्टोमेट्री दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को नेत्र रोग से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। सोमवार को जोलीग्रांट स्थित हिमालयन हॉस्पिटल की ओपीडी स्थल पर ऑप्टोमेट्री विभाग द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रिंसिपल डॉ. रेनू धस्माना ने कहा कि आंखें हमारे शरीर का महत्वपूर्ण अंग हैं, जिनकी देखभाल के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. हर्ष बहादुर ने कहा कि नियमित नेत्र जांच से कई गंभीर समस्याओं का समय रहते पता लगाया जा सकता है। लोगों को यह समझना होगा कि ऑप्टोमेट्रिस्ट की ओर से जांच कराना दृष्टि स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। वरिष्ठ ऑप्टोमेट्रिस्ट सुबोध गुप्ता ने कहा कि अक्सर लोग बिना उचित जांच के चश्मा बनवा लेते हैं, जिससे आंखों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। सही और समय पर की गई नेत्र जांच से न केवल दृष्टि में सुधार होता है, बल्कि आंखों से जुड़ी कई समस्याओं से भी बचाव किया जा सकता है।इस दौरान मेडिकल स्टूडेंट्स ने अपनी नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से संदेश दिया कि ऑप्टिशियन के पास जाने से पहले आंखों की सही जांच कराना बेहद आवश्यक है। नाटक में नियमित नेत्र परीक्षण के महत्व को भी दर्शाया गया, जिससे दृष्टि सुधार में सहायता मिलती है। मेडिकल स्टूडेंट्स ने विभिन्न पोस्टर और पंपलेट भी तैयार किए, जिन्हें प्रदर्शित और वितरित किया गया। इस मौके पर उप-प्रधानाचार्य डॉ. अनुराधा कुसुम, नीलम तिवारी, डॉ. किरण भट्ट, डॉ. स्वीकृति, डॉली धस्माना, कविता आदि उपस्थित रहे।

