कोंडागांव,23 मार्च (आरएनएस) छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि मिली है। भारत सरकार द्वारा खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के प्रथम संस्करण की मेजबानी राज्य को सौंपी गई है। यह आयोजन न केवल खेलों के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि प्रदेश की प्रतिष्ठा और पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई देने वाला अवसर भी है।यह बहुप्रतीक्षित प्रतियोगिता 25 मार्च से 3 अप्रैल 2026 के बीच छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों रायपुर, सरगुजा और बस्तर में किया जाएगा, जहां देशभर से खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी।कोंडागांव जिले के लिए भी यह गौरव का क्षण है, क्योंकि यहां के कई प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों का चयन इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। एथलेटिक्स स्पर्धा में बिरझुराम और शेखर नेताम का चयन हुआ है, वहीं फुटबॉल में संध्या नेताम और राशि पोयाम अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। हॉकी में सोबिका, सुलोचना, रविका नेताम और योगिता नेताम का चयन हुआ है। इन खिलाडिय़ों के चयन से जिले में खुशी का माहौल है और स्थानीय खेल प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।
०००००

