-श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय ने सात दिवसीय शिविर का किया आयोजन
बाराबंकी 24 मार्च (आरएनएस)। श्री रामस्वरूप मेमोरियल विश्वविद्यालय अन्र्तगत राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-एक द्वारा बरेठी गाँव में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समान अत्यंत सफल एवं प्रभावशाली रूप में संपन्न हुआ। इस शिविर का उद्देश्य स्वयंसेवकों के व्यक्तित्व का समग्र विकास करते हुए उनमें सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करना रहा। पूरे शिविर के दौरान स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, सड़क सुरक्षा, शिक्षा के महत्व, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर केंद्रित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न प्रतिष्ठित गैर-सरकारी संगठनों एवं संस्थानों से आए विशेषज्ञों और अतिथि वक्ताओं ने स्वयंसेवकों एवं ग्रामीणों को महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की, जिससे सभी को व्यावहारिक एवं उपयोगी ज्ञान प्राप्त हुआ। शिविर के अंतर्गत बरेठी गाँव का विस्तृत सर्वेक्षण भी किया गया, जिसमें ग्रामीण जीवन से जुड़ी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं विकास की संभावनाओं का गहन अध्ययन किया गया। इस प्रक्रिया ने स्वयंसेवकों को समाज की वास्तविक परिस्थितियों को समझने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि गाँव की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर इसमें सहभागिता निभाई। उनकी सक्रिय भागीदारी ने न केवल कार्यक्रम को सशक्त बनाया, बल्कि समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में एक सकारात्मक संदेश भी दिया। लगभग 50 स्वयंसेवकों एवं छात्र समन्वयकों ने इस शिविर में पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों को सफलतापूर्वक संपन्न कराया। शिविर का शुभारंभ डॉ. नरेंद्र बहादुर सिंह द्वारा किया गया, जिन्होंने अपने उद्बोधन में स्वयंसेवकों को समाज सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित किया। समापन अवसर पर डॉ. अफिया बानो ने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस शिविर के सफल आयोजन में जनरल सेक्रेटरी प्रज्ज्वल सिंह एवं जॉइंट सेक्रेटरी शीतल पांडेय की विशेष भूमिका रही, जिनके नेतृत्व एवं समन्वय में सभी गतिविधियाँ सुचारू रूप से संचालित हुईं। इस अवसर पर छ: स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं, स्थानीय ग्रामीणों एवं विश्वविद्यालय परिवार की सक्रिय उपस्थिति रही।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

