ऽ डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई डीएलसीसी, डीसीसी की तिमाही बैठक
ऽ सीडी रेश्यो में सुधार, लंबित ऋण प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
बाराबंकी 24 मार्च (आरएनएस)। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में जिला सलाहकार समिति की तिमाही बैठक जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा सर्वप्रथम बैंकवार ऋण-जमानुपात (सीडी रेश्यो) की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देशित किया कि जनपद में सीडी रेश्यो में वृद्धि हेतु सभी बैंक सतत एवं प्रभावी प्रयास सुनिश्चित करें। जिन बैंकों का सीडी रेश्यो औसत से कम है, उनके जोनल मैनेजरों को पत्र प्रेषित किए जाने के निर्देश एलडीएम को दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जिन जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित ऋण प्रकरण बैंक शाखाओं में लंबित हैं, संबंधित विभागीय अधिकारी स्वयं शाखाओं से समन्वय स्थापित कर उन्हें शीघ्र स्वीकृत कराना सुनिश्चित करें, जिससे लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है, अत: इस योजना के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों पर बैंक त्वरित एवं समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करें, जिससे अधिकाधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा सके। उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड, स्वयं सहायता समूहों के क्रेडिट लिंकेज, ओडीओपी तथा विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत ऋण वितरण में अपेक्षित प्रगति लाने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी बनाने के लक्ष्य में बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने औद्योगिक निवेश, एमएसएमई, स्टार्ट-अप, स्वरोजगार एवं प्रायोरिटी सेक्टर लेंडिंग को बढ़ावा देकर जनपद की आर्थिक गतिविधियों को गति देने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों से स्पष्टीकरण प्राप्त किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन सहित समस्त संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी, अग्रणी जिला प्रबंधक एवं विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

