रौनक कुमार शंकर
पश्चिम मेदिनीपुर 24 मार्च (आरएनएस)। जिले के खडग़पुर नगर पालिका के वार्ड नंबर 21 के पोटरखुली इलाके में पानी के कई नल टूटने की घटना को लेकर राजनीतिक तनाव फैल गया। इस घटना के बाद इलाके में बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस के समर्थक आमने-सामने आ गए। बीजेपी का आरोप है कि बीती रात इलाके में चुनाव प्रचार के लिए आए दिलीप घोष के समर्थन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को निशाना बनाते हुए उनके घरों के सामने लगे पानी के नल तोड़ दिए गए। पार्टी का दावा है कि यह काम तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया है। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। वहीं, स्थिति की जानकारी मिलने पर वार्ड 21 की महिला पार्षद और तृणमूल महिला कांग्रेस की स्थानीय अध्यक्ष डी बसंती भी मौके पर पहुंचीं। डी बसंती ने बीजेपी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि, यह मेरा इलाका है, यहां के नल मैंने खुद लगवाए हैं, मैं उन्हें क्यों तोड़ूंगी? बीजेपी बेवजह राजनीति कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग इलाके में कभी नहीं आए, उनके आरोपों का कोई आधार नहीं है। इसके बाद दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। इलाके में जय बंगला और दिलीप घोष जिंदाबाद, बीजेपी जिंदाबाद के नारों से माहौल गरमा गया। करीब एक घंटे तक चले इस तनावपूर्ण माहौल के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई। तृणमूल समर्थकों की संख्या बढऩे पर बीजेपी कार्यकर्ताओं को वहां से हटना पड़ा। फिलहाल इलाके में शांति बनी हुई है, लेकिन इस घटना ने चुनावी माहौल में राजनीतिक तनाव को और बढ़ा दिया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

