दुर्ग 24 मार्च 2026(आरएनएस) भिलाई नगर में चल रहे सट्टे के खेल पर पुलिस ने अचानक ऐसा वार किया कि पूरा नेटवर्क हिल गया। बीच सड़क सट्टा पट्टी लिख रहा आरोपी रंगे हाथ पकड़ लिया गया। मौके से नकदी और सट्टा सामग्री जब्त हुई, जिससे साफ हो गया कि इलाके में अवैध कमाई का खेल खुलेआम चल रहा था।दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सेक्टर-05 क्रॉस स्ट्रीट-4 के पास मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर रेड की। जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, आरोपी सट्टा पट्टी लिखते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
पुलिस ने मौके से आरोपी कुरुक्षेत्र नायक (34) को गिरफ्तार किया, जो सेक्टर-05 क्रॉस स्ट्रीट-4, भिलाई नगर का निवासी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से लंबे समय से सट्टा संचालन में संलिप्त था और स्थानीय स्तर पर सट्टा नेटवर्क चला रहा था।तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से नगद ₹8,560, एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और सट्टा लेखन से संबंधित सामग्री जब्त की गई। कुल जब्ती ₹18,560 आंकी गई है, जिसे पुलिस ने मौके पर ही विधिवत जप्त कर लिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 144/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06 और धारा 112 बीएनएस में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

