अल्मोड़ा,25 मार्च (आरएनएस)। धौलादेवी ब्लॉक के बाराकूना गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब झाडिय़ों में एक नवजात शिशु का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को गांव की कुछ महिलाएं घास काटने के लिए जंगल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान सड़क से करीब 50 मीटर दूर झाडिय़ों में उन्हें नवजात का शव दिखाई दिया। महिलाओं के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला है कि नवजात की नाभि पर क्लिप लगी हुई थी, जिससे यह संभावना जताई जा रही है कि बच्चे का जन्म किसी अस्पताल में हुआ है। पुलिस आसपास के अस्पतालों और आशा कार्यकर्ताओं के रिकॉर्ड खंगाल रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

