कांकेर, 25 नवम्बर (आरएनएस)। चार साल से रहस्य बने हत्या के मामले का आखिरकार पर्दाफाश हो गया। कांकेर पुलिस ने 2022 के अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिन्होंने दूसरी शादी के विवाद में युवक की गला घोंटकर हत्या की थी। कांकेर जिले के थाना ताड़ोकी क्षेत्र में वर्ष 2022 में हुई संदिग्ध मौत का मामला अब सुलझ गया है। मृतक सदेश कुमार ध्रुव की मौत को शुरुआत में संदिग्ध माना गया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने धारा 302 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। लंबे समय तक सुराग नहीं मिलने के कारण यह मामला अंधा कत्ल बना रहा। लेकिन पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मामले की फिर से गहन जांच शुरू की। साइबर सेल और थाना ताड़ोकी की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का पुन: निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और संदिग्धों की पहचान की। जांच में सामने आया कि मृतक अपनी पहली पत्नी के जीवित रहते दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहा था, जिससे गांव के सामाजिक प्रमुख गंगूराम ध्रुव नाराज था। इस मुद्दे को लेकर सामाजिक बैठक में विवाद भी हुआ था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने अपने दो साथियों मंगूराम ध्रुव और रजउ राम ध्रुव के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। घटना की रात तीनों आरोपी मृतक के घर पहुंचे और उसे अकेले पाकर गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को बिस्तर पर लिटाकर मौके से फरार हो गए, ताकि मामला सामान्य मौत जैसा लगे। 23 मार्च 2026 को पुलिस ने ग्राम सरंडी में संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद 24 मार्च को गंगूराम ध्रुव (39 वर्ष), रजउ राम ध्रुव (42 वर्ष) और मंगूराम ध्रुव (34 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह मामला सामाजिक विवाद और व्यक्तिगत आक्रोश का परिणाम था, जिसे योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। लगातार साक्ष्य संकलन और तकनीकी जांच के कारण ही इस अंधे कत्ल का खुलासा संभव हो सका।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

