भूसे से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार,तीन की मौत
भोपाल।(आरएनएस)। भोपाल में ट्रैक्टर ट्रॉली से आमने-सामने की भिड़ंत में कार सवार तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई। चौथा गंभीर रूप से घायल है। हादसा मंगलवार रात ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के निपानिया इलाके में हुआ।
पुलिस के मुताबिक, गुलाब मेहर चंदेरी गांव के सचिव हैं। उनकी पत्नी रेखा सरपंच हैं। उनका बेटा हर्ष मेहर, भतीजा सतीश मेहर, दोस्त लकी अहिरवार और गब्बर कार में रात 11:30 बजे चाय पीने के लिए गांव से निपानिया के लिए रवाना हुए।
कुछ दूर जाने पर कार सामने से आ रही भूसे से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। हादसे में हर्ष, सतीश और लकी की मौत हो गई। गब्बर गंभीर रूप से घायल है।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार की चेसिस को काटकर शव और घायल को बाहर निकालना पड़ा। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि ट्रैक्टर की केवल एक हेडलाइट जल रही थी, जिससे सामने आ रहे वाहन का सही अंदाजा नहीं लग सका।
लखन कुशवाह उर्फ लकी (26) सागौनी गांव बैरसिया रोड का रहने वाला था और खेती करता था। हर्ष मेहर (23) ग्राम काछी बरखेड़ा का निवासी और बी. कॉम फाइनल ईयर का छात्र था। वह परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन है। हादसे के समय वही कार चला रहा था। कार भी उसी की थी।
सतीश मेहर (26) ग्राम काछी बरखेड़ा का रहने वाला था। वह पिता के साथ खेती करता था। परिवार में दूसरे नंबर का था, उससे बड़ा भाई और छोटी बहन है। योगेश सेन उर्फ गब्बर सेन (27) काछी बरखेड़ा का है। वह गंभीर रूप से घायल है, उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। योगेश भी अपने पिता के साथ खेती करता था।
कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
शाहपुरा इलाके में तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि उसका साढू गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
पुलिस ने मौके से कार जब्त की है जबकि चालक की तलाश की जा रही है। हादसा मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात का है। बुधवार दोपहर पुलिस ने पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार 45 वर्षीय राजेश कजलीखेड़ा इलाके में रहता था वह मेनिट परिसर के एक छात्रावास में साफ-सफाई का काम करता था। राजेश का भाई जाटखेड़ी इलाके में रहता है। राजेश मंगलवार की रात साढू़ भाई को लेकर अपने भाई के घर आया था। खाना खाने के बाद वे रात करीब 1:30 बजे वापस अपने घर की ओर रवाना हुए थे। वे रोहित नगर की पुलिया के पास पहुंचे थे इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में बुरी तरह से घायल होने पर दोनों को अस्पताल ले जाया गया। जहां पर राजेश को मृत घोषित कर दिया गया। टक्कर मारने वाली कार का चालक ही दोनों बाइक सवार युवकों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर आया था। अस्पताल में छोड़ने के बाद वह मौके से भाग निकला।

