भिलाईनगर, 25 मार्च (आरएनएस)। भिलाईनगर में अवैध सट्टा कारोबार पर पुलिस ने बड़ा प्रहार करते हुए चार लोगों को मौके से रंगे हाथ पकड़ लिया। घेराबंदी कर की गई इस कार्रवाई में नगदी और मोबाइल फोन समेत हजारों रुपये का सामान भी जब्त किया गया है।
दुर्ग पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच थाना भिलाई नगर क्षेत्र में एक बार फिर अवैध सट्टा संचालन का खुलासा हुआ है। सेक्टर-05 स्थित क्रॉस स्ट्रीट-4 के पास मंच के समीप सट्टा पट्टी लिखे जाने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
रेड के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को मौके पर ही सट्टा लिखते हुए पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान संजय सेनापति (45 वर्ष), संतोष कुमार चौहान (49 वर्ष), दिनेश कुमार (56 वर्ष) और मनीष (48 वर्ष) के रूप में हुई है, जो भिलाई के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं।
तलाशी में आरोपियों के कब्जे से नगद राशि के साथ कई मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनमें वीवो, सैमसंग और मोटोरोला कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं। कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब 43 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 144/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 5 और 6 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों के नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध तरीके से आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से सट्टा संचालन कर रहे थे। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन जुड़े हुए हैं।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

