भिलाई-3, 25 मार्च (आरएनएस)। भिलाई-03 में चल रहे सट्टा जुआ के बड़े खेल पर पुलिस ने करारा वार करते हुए मौके से पांच आरोपियों को दबोच लिया। कार्रवाई में दो लाख से ज्यादा की नगदी और सट्टा संचालन से जुड़े अहम सबूत बरामद हुए हैं, जिससे इलाके में सक्रिय नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
दुर्ग पुलिस के लगातार अभियान के तहत थाना पुरानी भिलाई और क्राइम टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नूतन चौक शिव मंदिर के पास चल रहे अवैध सट्टा जुआ अड्डे पर दबिश दी। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर की गई इस रेड में आरोपी मौके पर ही सट्टा संचालित करते हुए पकड़े गए।
पकड़े गए आरोपियों में राजेश कुमार सचदेव (54 वर्ष), रवि बिसाई (39 वर्ष), मानसिंग यादव (45 वर्ष), मोहन साहू (36 वर्ष) और धर्मेश सोनी (39 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं और संगठित रूप से अंकों के आधार पर हार-जीत का दांव लगाकर जुआ संचालित कर रहे थे।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 67 हजार 600 रुपये नगद, 6 मोबाइल फोन, सट्टा पट्टी पर्चियां, रजिस्टर, कैलकुलेटर और अन्य सामग्री बरामद की गई। जब्त सामान की कुल कीमत 2 लाख 8 हजार 600 रुपये आंकी गई है, जो इस अवैध कारोबार के बड़े पैमाने की ओर इशारा करती है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 158-159/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 06, 07 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध तरीके से आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से सट्टा जुआ संचालित कर रहे थे। पुलिस अब इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि इस नेटवर्क का विस्तार कहां तक है और इसमें और कौन लोग शामिल हैं।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

