राजनांदगांव, 25 नवम्बर (आरएनएस)। नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से भगाकर ले जाने और दुष्कर्म करने के मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हैदराबाद ले जाकर कई बार शोषण करने की इस घटना ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 150/2026 में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शरद लाऊत्रे (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 64(2)(द्व) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले के अनुसार, पीडि़ता 6 सितंबर 2025 को घर से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने खोजबीन की, जिसके बाद जानकारी मिली कि वह आरोपी के साथ हैदराबाद में रह रही है। लगभग पांच महीने बाद 2 फरवरी 2026 को पीडि़ता घर लौटी और पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। पीडि़ता ने बताया कि आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और हैदराबाद में रखकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे 25 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है और ऐसे अपराधों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की आगे की जांच जारी है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

