रायपुर 26 मार्च (आरएनएस) राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से करीब ढाई किलो गांजा बरामद हुआ है, जिससे इलाके में अवैध नशे के नेटवर्क की सक्रियता उजागर हुई है।रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देशन में कोतवाली थाना पुलिस द्वारा सूखे नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 25 मार्च 2026 को मिली पुख्ता मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम ने मरवाही श्मशान घाट क्षेत्र में दबिश दी। यहां एक महिला द्वारा गांजा की अवैध बिक्री किए जाने की जानकारी मिली थी।पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर संदेही महिला को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम मंशा पाण्डेय (23 वर्ष), निवासी दुलारी नगर, मरवाही श्मशान घाट के पास, थाना सिटी कोतवाली, जिला रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से अलग-अलग पैकेटों में रखा कुल 2 किलो 408 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 हजार रुपये बताई जा रही है।बरामद गांजा को विधिवत जप्त कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरी जब्ती कार्यवाही स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई, जिससे कार्रवाई की पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी गांजा को छोटे-छोटे पैकेट में बांटकर फुटकर स्तर पर बेच रही थी। इससे यह संकेत मिलता है कि क्षेत्र में नशे का जाल गहराई तक फैला हुआ है। पुलिस अब सप्लाई चैन और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

