दुर्ग 26 मार्च (आरएनएस) भिलाई खुर्सीपार की एक गैस एजेंसी में ग्राहकों के साथ बाउंसरों की मारपीट का मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और तीन आरोपियों पर तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें एसडीएम के समक्ष पेश किया गया।दुर्ग जिले के खुर्सीपार स्थित शताक्षी गैस एजेंसी में लाइन लगाने को लेकर विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब बाउंसरों ने ग्राहकों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू कर दी। इस घटना ने स्थानीय स्तर पर आक्रोश पैदा कर दिया। पीड़ित संतोष कुमार बैठा (32 वर्ष), निवासी दुर्गा मंदिर खुर्सीपार, ने थाना खुर्सीपार में शिकायत दर्ज कराई कि वह गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़ा था। इसी दौरान लाइन को लेकर हुए विवाद में एजेंसी के बाउंसरों ने उसके साथ दुर्व्यवहार करते हुए मारपीट की।मामले की गंभीरता को देखते हुए खुर्सीपार पुलिस ने त्वरित जांच शुरू की और घटना में शामिल तीन बाउंसरों—हरिओम चौधरी (23 वर्ष), निवासी हाथखोज भिलाई, विकास सिंह (27 वर्ष), निवासी खुर्सीपार और विक्की विश्वकर्मा (30 वर्ष), निवासी कैंप-1 छावनी—की पहचान कर उनके खिलाफ धारा 170/126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों को तत्काल हिरासत में लेकर अनुविभागीय दंडाधिकारी, छावनी के समक्ष प्रस्तुत किया, जिससे स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सका और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी गई।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह विवाद केवल लाइन में लगने को लेकर शुरू हुआ था, लेकिन बाउंसरों के आक्रामक व्यवहार ने इसे मारपीट में बदल दिया। ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई कर कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि आम नागरिकों के साथ दबंगई करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

