प्रयागराज एसटीएफ ने किया एक आरोपी को गिरफ्तार
प्रयागराज 26 मार्च (आरएनएस )। प्रयागराज एसटीएफ ने एक गिरोह का राजफाश किया। गिरोह के सदस्य बैंक से लोन लेकर खरीदे गए ट्रक का नंबर प्लेट बदलकर और चेचिस में छेड़छाड़ करके लोगों को बेच देते थे।
इस तरह का फर्जीवाड़ा करने वाले गिरोह का स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने भंडाफोड़ किया। गुरुवार को एसटीएफ टीम ने कौशांबी जिले के कोखराज इलाके से गिरोह के एक सदस्य को दबोच लिया। उसके कब्जे से दो ट्रक भी बरामद किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित से एसटीएफ को पता चला है कि गिरोह के सदस्य मेरठ निवासी एक युवक के माध्यम से फर्जी नंबर प्लेट और पंचिंग करने वाली चेचिस बनवाते थे। यह भी कहा गया है बैंक से ऋण पर लिए गए वाहन को चोरी होना बताने से गिरोह को दोहरा फायदा होता था। एक तरफ उनको बैंक का ऋण नहीं चुकता करना होता था और दूसरी तरफ फर्जीवाड़ा करके ट्रक बेचकर मुनाफा भी कमाते थे। एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि गिरोह का कई जिलों में नेटवर्क फैला हुआ है। पकड़े गए आरोपित से पूछताछ में गिरोह के दूसरे सदस्यों के बारे में पता चला है। ऐसे में अब गैंग के सरगना और बाकी वांछित सदस्यों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी दबोच लिया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

