रायपुर 26 मार्च (आरएनएस) खरोरा थाना क्षेत्र में गैस किल्लत के बीच कालाबाजारी का बड़ा खेल सामने आया है। खरोरा पुलिस ने पिकअप वाहन से भारी मात्रा में भरे कॉमर्शियल सिलेंडर जब्त कर अवैध सप्लाई की साजिश का खुलासा किया है।रायपुर ग्रामीण के खरोरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 45 नग कॉमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम चिचोली स्थित शान ए पंजाब ढाबा के सामने मेन रोड पर की गई, जहां एक पिकअप वाहन में सिलेंडर लोड कर ग्राहक तलाशे जा रहे थे।पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो सफेद रंग की पिकअप (क्रमांक CG 04 QK 6282) के डाला में बड़ी मात्रा में सिलेंडर पाए गए। जांच में एक इंडियन कंपनी का खाली सिलेंडर, 37 भरे हुए 21 किलो के छत्तीसगढ़ गैस सिलेंडर और 7 खाली सिलेंडर बरामद किए गए। कुल 45 सिलेंडरों की अनुमानित कीमत करीब 74 हजार रुपये आंकी गई, जबकि वाहन की कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई।वाहन में मौजूद ड्राइवर गिनेश्वर प्रसाद साहू (32 वर्ष), निवासी आरंग और कंडक्टर लादूराम (29 वर्ष), मूल निवासी जोधपुर (राजस्थान) से दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में दोनों ने बताया कि सिलेंडर वाहन मालिक के निर्देश पर ले जाए जा रहे थे।पुलिस ने गवाहों की उपस्थिति में सिलेंडर और वाहन जब्त कर धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की। मामला खाद्य विभाग से संबंधित होने के कारण आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए खाद्य निरीक्षक को सौंप दिया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

