कोरबा 26 मार्च (आरएनएस)“सजग कोरबा – सदर कोरबा अभियान” के तहत चौकी मानिकपुर पुलिस ने सूने मकान में हुई लाखों की चोरी का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 10 मार्च 2026 सुबह 11 बजे से 12 मार्च 2026 सुबह 8 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसकर सोना-चांदी के जेवरात, नगदी और अन्य सामान सहित करीब 2 से 3 लाख रुपये की चोरी को अंजाम दिया था। प्रार्थी की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने तेज जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच गई।
गिरफ्तार आरोपियों में अरुण कुमार सतनामी (22 वर्ष), निवासी बाराठर जिला सक्ती, हाल निवास रामपुर कोरबा, देवेंद्र कुमार धीवर उर्फ अंडा (20 वर्ष), निवासी जेंजपुर जिला सक्ती, हाल निवास मानिकपुर कोरबा और आकाश यादव (20 वर्ष), निवासी दर्री जिला कोरबा शामिल हैं। पुलिस ने पूछताछ में तीनों से अपराध कबूल कराया और उनके मेमोरण्डम के आधार पर चोरी गया पूरा मशरूका बरामद कर लिया।
बरामद सामग्री में सोना-चांदी के जेवरात, नगदी, कांसा-पीतल के बर्तन, पूजा सामग्री, तांबे का लोटा, चांदी के सिक्के, सोने के बिस्किट और एक मोटरसाइकिल शामिल है। पुलिस ने सभी सामान विधिवत जप्त कर लिया है, जिससे मामले में मजबूत साक्ष्य तैयार हो गए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुनसान घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। तकनीकी इनपुट और साक्ष्य जुटाकर पुलिस टीम ने सुनियोजित तरीके से घेराबंदी कर आरोपियों को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ कर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 331(4), 305(1), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। उल्लेखनीय है कि इसी प्रकरण में पूर्व में आकाश मरावी, रोहित शर्मा और निखिल बर्मन को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

