बलौदा बाजार 27 मार्च (आरएनएस)चौकी बया क्षेत्र में 27 मार्च 2026 को पुलिस ने समाधान सेल से मिली पुख्ता सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम चेचरापाली मोड़ के पास घेराबंदी कर अवैध शराब बेचने जा रहे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके पर ही शराब और स्कूटी जब्त कर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी राजेन्द्र कैवर्त, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम चिखली है, जो अवैध शराब कारोबार में लिप्त पाया गया। पुलिस ने उसके पास से करीब 5000 रुपये कीमत की 8.100 बल्क लीटर अंग्रेजी और देशी प्लेन शराब बरामद की है। साथ ही शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही जुपिटर स्कूटी क्रमांक CG22 AE 3242 भी जब्त कर ली गई।
पूरी कार्रवाई समाधान सेल हेल्पलाइन पर मिली सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने तत्काल रणनीति बनाकर चेचरापाली मोड़ के पास घेराबंदी की और आरोपी को भागने का मौका दिए बिना दबोच लिया। इस ऑपरेशन ने एक बार फिर साबित किया कि सूचना तंत्र और त्वरित कार्रवाई से अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।
आरोपी के खिलाफ चौकी बया में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है और उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
“समाधान सेल” योजना लगातार असर दिखा रही है। हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 के जरिए मिल रही सूचनाओं से अपराधियों की धरपकड़ तेज हो गई है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें।

