देहरादून(आरएनएस)। सर्वे चौक के समीप ईसी रोड निवासी एक युवती ने अपने मौसा पर नशे की हालत में घर में गाली-गलौज करने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस मामले में डालनवाला कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर डालनवाला एसएस कुंवर ने बताया कि ईसी रोड निवासी चंद्रिका चंदोला ने तहरीर दी। बताया कि बीते एक जून को उनके माता-पिता की सालगिरह के अवसर पर घर में रिश्तेदार आए हुए थे। शाम के समय उनके मौसा चंद्रशेखर शर्मा (मोंटू) निवासी नेहरू कॉलोनी, परेड ग्राउंड में मैच देखने के बहाने बाहर गए और कुछ देर बाद नशे की हालत में वापस लौटे।आरोप है कि आते ही उन्होंने चंद्रिका की छोटी बहन सारिका के साथ अकारण अभद्रता शुरू कर दी। जब चंद्रिका और उनकी मां ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपी ने उन्हें भी गालियां दीं। आरोपी ने उनके बीमार पिता का ताना मारते हुए अपनी ऊंची पहुंच का रौब दिखाया और पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी देते हुए मोहल्ले में हंगामा किया। घटना को लेकर उसी दिन कंट्रोल रूम को भी सूचना दी गई थी। इसके बाद परिजनों ने डालनवाला कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। शुरुआती जांच के बाद गुरुवार को डालनवाला कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

