जौनपुर 27 मार्च (आरएनएस)। नगर के परमानपुर स्थित माँ शारदा शक्तिपीठ मैहर माता मंदिर के प्रांगण में राम दरबार को आकर्षक एयर गुम्बरों से भव्य रूप से सजाया गया। नवरात्रि के अंतिम दिवस पर भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और माँ शारदा और जय श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। माँ शारदा श्रृंगार और पूजा के पश्चात दोपहर में रामनवमी के पावन अवसर पर श्रीराम जन्मोत्सव पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों की सजावट से सजाकर भक्तिमय वातावरण तैयार किया गया। भक्तों ने बड़े ही भावपूर्वक माँ शारदा और भगवान श्रीराम के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन में धार्मिक उल्लास और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस शुभ अवसर पर भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न एवं हनुमान जी को नए वस्त्र और सुगंधित पुष्पमालाओं से भव्य रूप में सजाया गया। राम दरबार की सजावट इतनी मनमोहक थी कि श्रद्धालु उसकी छटा देखकर मंत्रमुग्ध हो उठे। देव विग्रहों पर विशेष श्रृंगार कर उन्हें दिव्य स्वरूप प्रदान किया गया। भक्तों ने विधिवत पूजन कर प्रभु से सुख-समृद्धि की कामना की। भगवान का अभिषेक दूध, दही, शहद और चरणामृत से वैदिक विधि-विधान के साथ किया गया। पुजारियों ने मंत्रोच्चारण के बीच पूरे अनुष्ठान को संपन्न कराया। इसके बाद भगवान को विभिन्न प्रकार के फलों के साथ 51 किलो लड्डू और छप्पन भोग अर्पित किया गया। भोग लगने के पश्चात प्रसाद का वितरण श्रद्धालुओं के बीच किया गया। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कर अपने जीवन को धन्य माना।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

